सरायकेला में अवैध महुआ शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, चांडिल क्षेत्र में 5 अड्डे ध्वस्त; 1000 किलो जावा महुआ बरामद

SHARE:

Saraikela : सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध महुआ चुलाई शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में चांडिल थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों में छापामारी कर उत्पाद विभाग ने पांच अवैध महुआ शराब निर्माण अड्डों को ध्वस्त किया। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में जावा महुआ एवं अवैध शराब बरामद की गई।

उपायुक्त के निर्देश एवं अधीक्षक उत्पाद श्री क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में यह विशेष अभियान चलाया गया। विभागीय टीम ने चिल्गु के समीप चांडिल थाना अंतर्गत ग्राम खोखरोडीह, जड़ियाडीह, चाकुलिया और हमसदा टोला में छापामारी की।

अभियान के दौरान कुल पांच अवैध महुआ चुलाई अड्डों को नष्ट किया गया। उत्पाद विभाग की टीम ने करीब 1000 किलोग्राम जावा महुआ तथा 50 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की। बरामद सामग्री को नियमानुसार जब्त कर मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया।

विभागीय अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब निर्माण, भंडारण और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

उत्पाद विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें