Adityapur : समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की मासिक प्रगति समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रही विकास योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया।
समीक्षा के दौरान ग्रामीण कार्य विभाग, भवन निर्माण विभाग, लघु सिंचाई विभाग, एनआरईपी, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग तथा विद्युत विभाग सहित अन्य कार्यान्वयन एजेंसियों के कार्यों की स्थिति पर चर्चा की गई।
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि लंबित योजनाओं के निष्पादन में तेजी लाई जाए और पूर्ण योजनाओं का समयबद्ध उद्घाटन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को शीघ्र लाभ मिल सके। उन्होंने धीमी प्रगति वाली योजनाओं की नियमित समीक्षा और स्थलीय निरीक्षण करने का निर्देश भी दिया।
उपायुक्त ने कहा कि कार्य निष्पादन में लापरवाही बरतने वाले संवेदकों की पहचान कर उन्हें नियमानुसार ब्लैकलिस्ट किया जाए, ताकि भविष्य में उन्हें कार्य आवंटित न किया जा सके।
सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि योजनावार भौतिक एवं वित्तीय प्रगति रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में हर माह समय पर जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराएं, जिससे प्रभावी अनुश्रवण और मूल्यांकन सुनिश्चित हो सके।
बैठक में कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष बल देते हुए उपायुक्त ने कहा कि अभियंताओं द्वारा नियमित स्थल निरीक्षण किया जाए। साथ ही कार्यस्थलों पर सूचना पट्ट, स्वीकृत लागत, कार्य अवधि और उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता का स्पष्ट प्रदर्शन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि जनहित से जुड़ी सभी योजनाओं में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि विकास कार्यों का लाभ आम नागरिकों तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।
बैठक में निदेशक, डीआरडीए डॉ. अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जबर्धन कुमार, आदित्यपुर के अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अभियंता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।











