सरायकेला में DMFT योजनाओं की समीक्षा, समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर उपायुक्त का जोर

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त श्री नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला योजना कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला खनिज प्रतिष्ठान न्यास (DMFT) अनावध निधि अंतर्गत संचालित योजनाओं की अद्यतन भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान योजनाओं के प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष बल दिया गया। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क निर्माण, सिंचाई, कौशल विकास, पोषण, स्वच्छता, विद्युत आपूर्ति सुदृढ़ीकरण एवं सामुदायिक आधारभूत संरचना से संबंधित विभिन्न विभागों से प्राप्त प्रस्तावों पर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जनहित और आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए योजनाओं का प्राथमिकता के आधार पर चयन किया जाए और DMFT निधि से उनके क्रियान्वयन की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी योजनाओं का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित हो। योजनाएं स्वीकृत प्राक्कलन और तकनीकी मानकों के अनुरूप ही पूरी की जाएं तथा कार्यस्थलों का नियमित निरीक्षण कर प्रगति की निगरानी की जाए।



उपायुक्त ने चेतावनी दी कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कार्यस्थलों पर सूचना पट्ट, स्वीकृत लागत, कार्य अवधि और योजना से संबंधित विवरण प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए।

सभी विभागों को निर्देशित किया गया कि योजनाओं की अद्यतन भौतिक एवं वित्तीय प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि प्रभावी अनुश्रवण और मूल्यांकन सुनिश्चित हो सके। उपायुक्त ने कहा कि DMFT योजनाओं में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, ताकि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।

बैठक में निदेशक DRDA अजय तिर्की, अपर उपायुक्त जायबर्धन कुमार, आदित्यपुर के अपर नगर आयुक्त, जिला योजना पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी, जिला मत्स्य पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी एवं कार्यपालक अभियंता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.