Seraikela : जिले में खेल अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए बिरसा मुंडा स्टेडियम में नवनिर्मित खेल परिसंपत्तियों का गुरुवार को भव्य उद्घाटन किया गया। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने टेनिस कोर्ट, बास्केटबॉल कोर्ट और वॉलीबॉल कोर्ट का फीता काटकर उद्घाटन किया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों को आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “खेल बैंक” की भी शुरुआत की गई, जो जिले के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि “खेल बैंक” का उद्देश्य खेल के प्रति रुचि रखने वाले युवाओं को आसानी से खेल उपकरण उपलब्ध कराना है, ताकि वे नियमित अभ्यास कर अपनी प्रतिभा को निखार सकें। उन्होंने विश्वास जताया कि इससे जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और अधिक से अधिक युवा खेलों की ओर आकर्षित होंगे।
कार्यक्रम में नगर पंचायत सरायकेला के अध्यक्ष मनोज चौधरी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, जिला खेल पदाधिकारी अमित कुमार सहित विभिन्न खेल संघों और संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे। Tata Steel Foundation के प्रतिनिधियों की भी सक्रिय भागीदारी रही।
इस दौरान तीरंदाजी, फुटबॉल, हॉकी और पावर लिफ्टिंग समेत विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 13 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। उन्हें ट्रैकसूट और जूते प्रदान कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
उल्लेखनीय है कि “खेल बैंक” के लिए आवश्यक खेल सामग्री कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत उपलब्ध कराई गई है, जिससे खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए बेहतर संसाधन मिल सकेंगे।









