Adityapur : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में कृषि, पशुपालन, उद्यान, सहकारिता, मत्स्य एवं अन्य संबंधित विभागों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों की आय वृद्धि और आजीविका संवर्धन को केंद्र में रखते हुए विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ किसानों की आय बढ़ाने के लिए दीर्घकालिक कार्ययोजना (रोडमैप) तैयार करें और उसका प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। पूर्व में चिन्हित क्लस्टरों (LAMPS) में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
पशुधन विकास योजना के तहत चयनित लाभुकों को शीघ्र पशुधन उपलब्ध कराने तथा मेगा डेयरी स्थापना के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए। मत्स्य क्षेत्र में चांडिल डैम बंदोबस्ती कार्य को विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित करने को कहा गया।
उपायुक्त ने Jharkhand State Livelihood Promotion Society के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों को दी जा रही वित्तीय सहायता की प्रभावी मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए, ताकि राशि का सही उपयोग हो सके। साथ ही दीदी सखी एवं वित्त सखी के सहयोग से मुद्रा ऋण वितरण में तेजी लाने और अधिक से अधिक लाभुकों को योजनाओं से जोड़ने पर बल दिया।
फुलो-झानो आशीर्वाद योजना के अंतर्गत अधिकाधिक समूहों को लाभान्वित करने, “लखपति दीदी” की संख्या बढ़ाने और महिला सशक्तिकरण को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए गए। सॉफ्ट टॉय निर्माण जैसे आजीविका आधारित कार्यों के लिए समूहों को प्रशिक्षण देने और उनके उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने की योजना बनाने को भी कहा गया।
सहकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान गोदाम निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित संवेदकों पर कार्रवाई करने और भविष्य में ऐसे संवेदकों को कार्य न देने के निर्देश दिए गए। साथ ही सदस्यता अभियान चलाकर सहकारी संस्थाओं को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
उपायुक्त ने कहा कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शी, समयबद्ध और परिणामोन्मुख तरीके से किया जाए, ताकि जिले में कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों का समग्र विकास सुनिश्चित हो सके।
बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, पशुपालन पदाधिकारी, मत्स्य पदाधिकारी, गव्य विकास पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
















