Potka : रंभा शैक्षणिक संस्थान समूह की ओर से सोमवार को टाटा-हाता चौक पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का आयोजन रंभा कॉलेज ऑफ नर्सिंग, रंभा कॉलेज ऑफ एजुकेशन, रंभा कॉलेज ऑफ फार्मेसी, रंभा कॉलेज तथा राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने हाथों में प्लेकार्ड लेकर सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया। राहगीरों और वाहन चालकों को फूल भेंट कर हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई। इस दौरान सड़क सुरक्षा से जुड़े नारों के माध्यम से भी लोगों को सुरक्षित यातायात का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में संगीत शिक्षक रोनित कुमार रॉय ने सड़क सुरक्षा पर आधारित जागरूकता गीत प्रस्तुत किया, जिसने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
संस्थान के अध्यक्ष राम बचन ने कहा कि युवाओं में सुरक्षित यातायात संस्कृति का विकास समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए केवल कानून ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जागरूकता और जिम्मेदारी भी आवश्यक है।
एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. भूपेश चंद ने कहा कि संस्थान युवाओं में सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करने के उद्देश्य से समय-समय पर जनजागरूकता अभियान चलाता है। उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।









