New Delhi : कांग्रेस नेता एवं लोकसभा सांसद राहुल गांधी ने एलपीजी सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और उज्ज्वला योजना में सब्सिडी वाले सिलेंडरों की संख्या में कटौती को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 12 वर्षों की आर्थिक नीतियों और विदेश नीति की विफलताओं के कारण देश के गरीब, मजदूर, किसान, महिलाएं और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत सब्सिडी वाले सिलेंडरों की संख्या 9 से घटाकर 4 कर दी गई है। इसके साथ ही पिछले तीन महीनों में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 89 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले गैस के दाम बढ़ाए गए और फिर सब्सिडी कम कर दी गई, जिससे गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है।
कांग्रेस सांसद ने यह भी कहा कि प्रवासी मजदूरों और निम्न आय वर्ग के लोगों के लिए उपयोगी 5 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडर की कीमत में भी 323 रुपये की वृद्धि हुई है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि बढ़ती महंगाई के बीच मजदूर वर्ग अपनी आय, भोजन और बचत का संतुलन कैसे बनाए रखेगा।
राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि बड़े कॉरपोरेट घरानों को राहत देने के साथ-साथ आम जनता पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। उन्होंने इसे “मोदी मॉडल” बताते हुए कहा कि सरकार की नीतियों का सबसे अधिक असर गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है।
अपने बयान में राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री से सवाल किया कि क्या सरकार की आर्थिक नीतियों और निर्णयों का बोझ केवल गरीब, किसान, मजदूर, महिलाएं और मध्यम वर्ग ही उठाएंगे। उन्होंने महंगाई और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर केंद्र सरकार से जवाब मांगा।









