Chandil : ईचागढ़ की विधायक सविता महतो ने मंगलवार को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने चांडिल क्षेत्र के भादूडीह, हुमीद, खोखरोडीह, बड़ालाखा, काटीया तथा कुकड़ू प्रखंड कार्यालय परिसर में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
विधायक सविता महतो ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा स्वतंत्रता संग्राम के महानायक, आदिवासी समाज के गौरव और झारखंड की अस्मिता के प्रतीक हैं। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष करते हुए शोषण, अन्याय और विदेशी शासन के विरुद्ध ऐतिहासिक आंदोलन का नेतृत्व किया। उनका त्याग, संघर्ष और नेतृत्व आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा के विचार और आदर्श वर्तमान पीढ़ी को सामाजिक न्याय, समानता, स्वाभिमान और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रेरित करते हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही एक सशक्त, समतामूलक और जागरूक समाज का निर्माण संभव है। विधायक ने लोगों से भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा उनके सपनों के अनुरूप समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य पिंकी लायेक, झामुमो केंद्रीय सदस्य चारु चांद किस्कू, ओमप्रकाश लायेक, काबलु महतो, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू, समाजसेवी दिलीप महतो, धर्मु गोप, शंकर लायेक, आशु बेसरा, मदन प्रसाद सहित अन्य गणमान्य लोगों ने भी भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।









