राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण सड़क हादसा, बारात से लौट रहे नौ लोगों की दर्दनाक मौत

Share करें

✓ Link copy हो गया!

सरायकेला :  पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 18 (NH-18) पर बलरामपुर थाना क्षेत्र के नामसोल प्राथमिक विद्यालय के पास हुआ। मरने वाले सभी लोग झारखंड के सरायकेला जिले के निवासी बताए जा रहे हैं, जो एक बारात से लौट रहे थे।

पुलिस के अनुसार, टाटा की ओर जा रही एक कार की आमने-सामने टक्कर बलरामपुर की ओर से आ रहे ट्रक से हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी नौ यात्रियों को मृत घोषित कर दिया।

शादी की खुशी मातम में बदली

मृतक सभी नीमडीह प्रखंड के तिलाईटांड़ गांव के रहने वाले थे। वे ईचागढ़ के चिरुगोड़ा निवासी ठाकुरदास महतो के पुत्र नवकुंज महतो के बारात में शामिल होने के बाद अपने मामा तपन महतो के घर आदावाना (कुमारी डैम), बलरामपुर थाना क्षेत्र से लौट रहे थे।

स्थानीय प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई

घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जुट गई और ट्रैफिक बाधित हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल ट्रक चालक फरार बताया जा रहा है।

इलाके ने दौड़ी शोक की लहर

हादसे की खबर फैलते ही नीमडीह व सरायकेला इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। एक ही गांव के इतने लोगों की एक साथ मौत से पूरा क्षेत्र स्तब्ध है। स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने पीड़ित परिवारों से संपर्क कर हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें