Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थाना क्षेत्र के बड़ा तोरलो पंचायत अंतर्गत मारिया साईं टोला में शनिवार को पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। एक व्यक्ति ने कथित तौर पर नशे की हालत में अपनी गर्भवती भाभी और आठ वर्षीय भतीजी की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।
मृतकों की पहचान 30 वर्षीय नानिका बिरुवा और उनकी आठ वर्षीय पुत्री शर्मीला बिरुवा के रूप में हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रमाय बिरुवा को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।
मृतका के पति दखल सिंह बिरुवा ने बताया कि वह शनिवार को मवेशी चराने के लिए घर से बाहर गए थे। इसी दौरान उनके बड़े भाई रमाय बिरुवा घर पहुंचे। घर में रहने को लेकर लंबे समय से चल रहे विवाद के बीच आरोपी ने कथित तौर पर नशे की हालत में पत्नी और बेटी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
दखल सिंह के अनुसार, घटना की सूचना उनकी बेटी तुलसी बिरुवा ने खेत में जाकर दी। घर लौटने पर आरोपी ने उन पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने पास में पड़ा पत्थर उठाकर अपना बचाव किया। इसके बाद आरोपी जंगल की ओर भाग निकला। बीच-बचाव करने पहुंचे कांडे बिरुवा भी आरोपी के हमले में घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही गांव के मानकी ने मंझारी थाना पुलिस को जानकारी दी। थाना प्रभारी दिलीप माझी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया।
पुलिस ने जंगल क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी रमाय बिरुवा को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी दिलीप माझी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घर में रहने को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद घटना का मुख्य कारण सामने आया है। आरोपी के अत्यधिक शराब सेवन और आए दिन विवाद करने के कारण परिवार उसे अलग रहने के लिए कह रहा था, जिससे नाराज होकर उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पूर्व में कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है।
मंझारी थाना में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









