स्व. के.के. सिंह की जयंती पर रक्तदान महायज्ञ, सांसद विद्युत वरण महतो ने किया शुभारंभ

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : प्रसिद्ध समाजसेवी स्वर्गीय के.के. सिंह की जयंती के अवसर पर रविवार को साकची स्थित रेड क्रॉस भवन में भव्य रक्तदान महायज्ञ का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। रक्तदान महायज्ञ शाम 4 बजे तक जारी रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद विद्युत वरण महतो ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विधायक बन्ना गुप्ता, सविता महतो, मंगल कालिंदी, मेयर सुधा गुप्ता तथा समाजसेवी एवं चेंबर के पूर्व अध्यक्ष ए.के. श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने रक्तदाताओं का पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया और उनका उत्साहवर्धन किया।

अपने संबोधन में सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि स्वर्गीय के.के. सिंह ने अपना पूरा जीवन गरीबों और जरूरतमंदों की सेवा के लिए समर्पित किया। उन्होंने कहा कि उनके पुत्र विकास सिंह उसी सेवा परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। वर्ष 2016 से लगातार रक्तदान महायज्ञ और नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।



आयोजक विकास सिंह ने बताया कि उनके पिता जमशेदपुर रेड क्रॉस समिति के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे और मानव सेवा उनके जीवन का मूल उद्देश्य था। उन्होंने कहा कि उनकी टीम वर्षभर रक्तदान शिविर आयोजित करती है ताकि किसी भी जरूरतमंद को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके। उन्होंने यह भी बताया कि हर वर्ष जनवरी में आयोजित होने वाला विशाल नेत्र चिकित्सा शिविर झारखंड का सबसे बड़ा शिविर बन चुका है, जिसमें 300 से अधिक मोतियाबिंद ऑपरेशन किए जाते हैं और बिहार, नेपाल सहित कई राज्यों से मरीज उपचार के लिए आते हैं।

स्व. के.के. सिंह की बहू रश्मि सिंह ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा जीवनदान है। उन्होंने बताया कि उनके ससुर समाज सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते थे और उनकी स्मृति में वर्ष 2016 से लगातार इस रक्तदान महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है।

शिविर में रक्तदान करने पहुंची एक महिला ने बताया कि वह पांचवीं बार रक्तदान कर रही हैं। वर्तमान में हैदराबाद में रहने के बावजूद वह विशेष रूप से इस आयोजन में शामिल होने पहुंचीं। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर में रक्तदान की व्यवस्था पूरी तरह सुरक्षित है और प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें