Manoharpur: मनीपुर फुटबॉल मैदान में रविवार को स्वर्गीय देवेंद्र माझी लीग फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में जिला परिषद उपाध्यक्ष सह प्रखंड झामुमो अध्यक्ष रंजीत यादव, पूर्व प्राचार्य अश्वनी बघेल, डॉ. दिलीप कुमार महतो सहित झामुमो के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।
टूर्नामेंट में प्रखंड की दर्जनों टीमों ने भाग लिया। पहले दिन खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। मैदान में रोमांचक मुकाबलों के साथ खेल के प्रति खिलाड़ियों का उत्साह भी देखने लायक रहा।
इस अवसर पर रंजीत यादव ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेल भावना, अनुशासन और आपसी सौहार्द के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का सशक्त माध्यम है और खिलाड़ी अपनी प्रतिभा एवं मेहनत के दम पर क्षेत्र, जिला और राज्य का नाम रोशन कर सकते हैं।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट का उद्देश्य ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है।









