कार्य दिवस पर बंद मिला कोवाली पंचायत सचिवालय, विधायक संजीव सरदार ने लगाई फटकार

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : पोटका प्रखंड के कोवाली पंचायत सचिवालय में कार्य दिवस के बावजूद ताला लटका मिलने पर विधायक संजीव सरदार ने कड़ा रुख अपनाया है। गुरुवार को क्षेत्र भ्रमण के दौरान जब वे पंचायत भवन पहुंचे, तो वहां कोई भी कर्मचारी मौजूद नहीं था।

स्थिति को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने मौके से ही प्रखंड विकास पदाधिकारी अरुण कुमार मुंडा को फोन कर पूरी जानकारी ली और संबंधित कर्मियों से स्पष्टीकरण मांगते हुए आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत सचिवालय अक्सर बंद रहता है, जिससे उन्हें छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी प्रखंड मुख्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं। शिकायतों को ध्यान में रखते हुए विधायक ने स्वयं जांच की, जिसमें पंचायत भवन बंद पाया गया। उन्होंने इसे जनहित के खिलाफ बताते हुए नाराजगी जताई।

विधायक ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार सप्ताह में कम से कम दो दिन पंचायत सचिवालय में पंचायत सचिव सहित अन्य कर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य है। इसके बावजूद कार्य दिवस पर अनुपस्थिति गंभीर लापरवाही को दर्शाती है। उन्होंने बीडीओ को निर्देश दिया कि दोषी कर्मचारियों से जवाब-तलब कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और अन्य पंचायतों में भी उपस्थिति की नियमित निगरानी की जाए।

निरीक्षण के बाद विधायक संजीव सरदार ने स्पष्ट कहा कि पंचायत स्तर पर सेवाओं को सुदृढ़ करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्य दिवस पर कर्मियों की उपस्थिति हर हाल में सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को अनावश्यक परेशानी न हो।

साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि आगे भी औचक निरीक्षण जारी रहेगा और लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.