Potka: पोटका प्रखंड के हल्दीपोखर पश्चिम पंचायत स्थित उर्दू बालिका मध्य विद्यालय को हाई स्कूल (10वीं तक) में अपग्रेड करने के प्रस्ताव के बाद क्षेत्र में खुशी की लहर है। जिला शिक्षा स्थापना समिति की बैठक में विधायक संजीव सरदार द्वारा यह प्रस्ताव रखे जाने के उपरांत बुधवार को विद्यालय परिसर में पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों और छात्राओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर पंचायत की मुखिया फरजाना सुल्तान ने कहा कि अब तक विद्यालय में उच्च कक्षाओं की व्यवस्था नहीं होने के कारण छात्राओं को आगे की पढ़ाई के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ता था, जिससे उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। विद्यालय के अपग्रेड होने से अब क्षेत्र की बेटियां अपने ही पंचायत में 10वीं तक की शिक्षा प्राप्त कर सकेंगी।
मुखिया ने पंचायत की ओर से विधायक को धन्यवाद देते हुए हल्दीपोखर मुख्य सड़क से पंचायत तक सड़क निर्माण तथा टाउन फीडर से विद्युतीकरण कार्य जल्द पूरा कराने की मांग संबंधी ज्ञापन भी सौंपा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक संजीव सरदार ने कहा कि झारखंड सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा को सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि आगामी शैक्षणिक सत्र से विद्यालय में उच्च कक्षाओं का संचालन शुरू हो सके, इसके लिए आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
उन्होंने यह भी कहा कि हल्दीपोखर मुख्य सड़क निर्माण और टाउन फीडर विद्युतीकरण की योजनाएं कुछ तकनीकी कारणों से फिलहाल रुकी हुई हैं, लेकिन संबंधित बाधाओं को दूर कर जल्द ही दोनों परियोजनाओं पर कार्य शुरू कराया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक मो. शहाबुद्दीन ने किया। इस अवसर पर पूर्व पार्षद चंद्रावती महतो, पूर्व मुखिया सैयद जबीउल्ला, झामुमो नेता सुनील महतो, जिकरुल होदा, सैयद समीउल्लाह, उपमुखिया शाहिद परवेज, ग्राम प्रधान मो. असलम, वार्ड सदस्य मो. इदरीस, अब्दुल हन्नान, आफताब आलम, देव पालित, अलका तरन्नुम, तरन्नुम परवीन, फिरोजा जमा, बबलू प्रधान, दौलत अली सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और छात्राएं मौजूद रहीं।

















