RANCHI/CHATRA : चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव में मोहम्मद इमरोज की कथित मॉब लिंचिंग में हुई हत्या के मामले को झारखंड राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने गंभीरता से लिया है। मामले की जमीनी हकीकत जानने और जांच की प्रगति की समीक्षा के लिए आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान 6 अगस्त को चतरा का दौरा करेंगे।
जानकारी के अनुसार, आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान और सदस्य रंजीत कुमार मल्लिक बड़गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार एवं स्थानीय लोगों से मुलाकात करेंगे तथा घटना से संबंधित जानकारी प्राप्त करेंगे।
आयोग के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को मोहम्मद इमरोज की कथित तौर पर भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। आयोग ने इस घटना की निष्पक्ष, गहन और त्वरित जांच के साथ दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया है।
दौरे के दौरान आयोग की टीम चतरा परिसदन में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के साथ बैठक करेगी। इस दौरान घटना की जांच की स्थिति, पुलिस कार्रवाई, आरोपियों की गिरफ्तारी तथा पीड़ित परिवार को उपलब्ध कराई गई सरकारी सहायता सहित विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की जाएगी।
आयोग के अध्यक्ष हिदायतुल्लाह खान ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि आयोग इस मामले की गंभीरता से समीक्षा करेगा और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।

















