Potka: पोटका विधायक संजीव सरदार ने बुधवार को पोटका स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विशेष रूप से बरसात के मौसम में बढ़ रहे सर्पदंश के मामलों को देखते हुए अस्पताल में उपलब्ध एंटी वेनम (सर्पदंश रोधी) दवा के स्टॉक की जांच की। जांच में अस्पताल में दवा का पर्याप्त भंडार उपलब्ध मिलने पर विधायक ने संतोष व्यक्त किया।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने अस्पताल में उपलब्ध दवाओं, चिकित्सा सुविधाओं, मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की भी विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल की चिकित्सक डॉ. विनीता लकड़ा एवं स्वास्थ्यकर्मियों से अस्पताल की वर्तमान स्थिति, आवश्यक संसाधनों और मरीजों के उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि बरसात के मौसम में सर्पदंश की घटनाओं में वृद्धि होती है। ऐसे में अस्पतालों में जीवनरक्षक दवाओं, विशेषकर एंटी वेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि जरूरत पड़ने पर मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों और चिकित्सकों को निर्देश दिया कि अस्पताल में सभी आवश्यक दवाओं की नियमित उपलब्धता बनाए रखें तथा मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने पर भी जोर दिया।
विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और अस्पतालों की नियमित मॉनिटरिंग से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार सुनिश्चित किया जाएगा।
















