Jamshedpur : जमशेदपुर ग्रामीण प्रखंड कांग्रेस कमेटी की बैठक बागबेड़ा हरहरगुट्टू स्थित प्रेम कुंज चौक, माझी बागान में प्रखंड अध्यक्ष आशीष ठाकुर की अध्यक्षता में हुई। बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
बैठक में 26 सितंबर को रांची में प्रस्तावित राजभवन घेराव, आगामी पंचायत चुनाव तथा संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर चर्चा की गई। प्रदेश कांग्रेस की ओर से 26 सितंबर को एमएमडीआर संशोधन विधेयक और अन्य मुद्दों को लेकर रांची में मार्च एवं महाधरना का कार्यक्रम प्रस्तावित है।
बैठक के दौरान जमशेदपुर ग्रामीण क्षेत्र की पांचों मंडल कमेटियों के पिछले एक माह के कार्यों की समीक्षा की गई। साथ ही आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। नेताओं ने कहा कि प्रस्तावित कार्यक्रम में जमशेदपुर ग्रामीण क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रांची पहुंचेंगे।
आगामी पंचायत चुनाव को लेकर भी संभावित उम्मीदवारों के नामों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक में जमीनी स्तर पर संगठन के लिए सक्रिय कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देने पर चर्चा हुई।
बैठक में सतीश पाल मुंजनी, शशि भूषण राय, परविंदर सिंह, अवधेश कुमार सिंह, राकेश साहू, संजय सिंह आजाद, सुबोध सिंह सरदार, अपर्णा गुहा सहित विभिन्न मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
















