Child Marriage : पोटका में बाल विवाह रोकथाम को लेकर दो दिवसीय जागरूकता अभियान, 30 गांवों में चला अभियान

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : पोटका प्रखंड में सामाजिक संस्था युवा (यूथ यूनिटी फॉर वोलंटरी एक्शन) द्वारा गर्ल्स फर्स्ट फंड के सहयोग से बाल विवाह एवं जबरन विवाह की रोकथाम को लेकर दो दिवसीय व्यापक जागरूकता अभियान सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। यह अभियान 30 अप्रैल से 1 मई 2026 तक चला।

इस दौरान 15 पंचायतों के अंतर्गत 30 गांवों में जागरूकता गाड़ी, नुक्कड़ नाटक और ग्रामीणों के साथ संवाद के माध्यम से लोगों को संवेदनशील बनाने का प्रयास किया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य बाल विवाह और जबरन विवाह जैसी कुप्रथाओं को समाप्त करना तथा समाज में जेंडर समानता और महिला अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर चाँद मनी सवैयाँ ने बताया कि अभियान के तहत ग्रामीणों को बाल विवाह के कानूनी, सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही जेंडर पहचान, जेंडर आधारित हिंसा और भेदभाव के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।



अभियान के दौरान बाल विवाह निषेध अधिनियम, 2006 की जानकारी दी गई तथा पंचायत प्रतिनिधियों, महिलाओं और युवाओं को जोड़कर सामुदायिक निगरानी तंत्र विकसित करने पर जोर दिया गया। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 1098 और 181 के बारे में भी लोगों को अवगत कराया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता मिल सके।

लड़कियों की शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए अभिभावकों को अपनी बेटियों को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अभियान की सफलता में संस्था के सदस्य अवंती सरदार, रीला सरदार, किरण सरदार, अरूप मंडल सहित युवा लीडर किशोर-किशोरियों की अहम भूमिका रही।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.