सरायकेला। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (पीएमएमवीवाई) के तहत 15 जून से 15 जुलाई 2026 तक चलाए गए विशेष पंजीकरण अभियान में सरायकेला-खरसावाँ जिले ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए झारखंड में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। वहीं, इस अभियान में झारखंड ने पूरे देश में पहला स्थान हासिल कर राज्य के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है।
महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के निर्देश तथा उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह और उप विकास आयुक्त के मार्गदर्शन में संचालित अभियान के दौरान जिले को 1,202 लाभुकों के पंजीकरण का लक्ष्य दिया गया था। इसके विरुद्ध जिले में 2,065 गर्भवती एवं धात्री महिलाओं का पंजीकरण किया गया, जो निर्धारित लक्ष्य का 171 प्रतिशत है।
इस उपलब्धि पर उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विभागीय समन्वय, सतत मॉनिटरिंग, क्षेत्रीय स्तर पर प्रभावी कार्य निष्पादन और जनसहभागिता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा पोषण सुदृढ़ीकरण की एक महत्वपूर्ण योजना है और प्रत्येक पात्र गर्भवती एवं धात्री महिला तक समय पर इसका लाभ पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि विशेष अभियान की सफलता को नियमित पंजीकरण प्रक्रिया में भी कायम रखा जाए। साथ ही प्रत्येक पात्र लाभुक की पहचान कर उन्हें समय पर योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने क्षेत्रीय स्तर पर निरंतर जन-जागरूकता अभियान चलाने तथा महिलाओं को योजना की जानकारी देने पर भी विशेष जोर दिया।
उपायुक्त ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए उप विकास आयुक्त, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सभी सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षिकाओं, आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं, अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मियों के साथ-साथ योजना में पंजीकरण कराने वाली सभी गर्भवती एवं धात्री महिलाओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने भविष्य में भी इसी समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र लाभुक तक योजना का लाभ सुनिश्चित करने का आह्वान किया।















