आदित्यपुर। आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बोलाईडीह में 18 जुलाई 2026 को हुए चर्चित हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे अंतिम नामजद आरोपी शिबू गोप (23) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इसके साथ ही इस हत्याकांड के सभी नामजद अभियुक्त अब पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, आदित्यपुर थाना कांड संख्या 196/26 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(2), 61(2) एवं 34 के तहत मामला दर्ज किया गया था। फरार आरोपी शिबू गोप, पिता विष्णु गोप, निवासी जगन्नाथपुर (थाना आदित्यपुर, जिला सरायकेला-खरसावां) की तलाश लगातार की जा रही थी।
गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने विशेष छापेमारी अभियान चलाकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 18 जुलाई को बोलाईडीह में हुई हत्या के बाद से शिबू गोप फरार था। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार तकनीकी निगरानी और संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही थी। अंततः पुलिस ने उसे दबोचने में सफलता हासिल की।
गौरतलब है कि इस मामले में पूर्व में चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अंतिम आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही हत्याकांड के सभी नामजद अभियुक्त पुलिस की गिरफ्त में हैं। पुलिस ने बताया कि मामले की अनुसंधान प्रक्रिया जारी है तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।















