सरायकेला-खरसावां में तीन किलो अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार, एक आरोपी फरार

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chandil : सरायकेला-खरसावां पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ईचागढ़ थाना क्षेत्र से तीन किलोग्राम अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। वहीं उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

सोमवार को चांडिल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) शिव प्रकाश कुमार ने प्रेसवार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि ईचागढ़ थाना क्षेत्र के डुमटांड़ से पातकुम जाने वाले मार्ग पर अफीम की खरीद-बिक्री की तैयारी चल रही है। सूचना के आधार पर विशेष छापेमारी दल का गठन कर डुमटांड़ चौक के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया।

वाहन जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा आरोपी मौके से फरार हो गया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान ईचागढ़ थाना क्षेत्र के बुरुहातु निवासी घासीराम साव के रूप में हुई है। उसकी तलाशी के दौरान तीन किलोग्राम अफीम बरामद की गई। इसके अलावा एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू, वीवो कंपनी का मोबाइल फोन, पीले रंग का प्लास्टिक बोरा तथा होंडा एसपी-125 मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।

एसडीपीओ ने बताया कि मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 17, 22 एवं 25 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

छापेमारी दल में एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार, ईचागढ़ थाना प्रभारी वरुण यादव, पुलिस अवर निरीक्षक शशि भूषण सिंह मुंडा, सहायक अवर निरीक्षक सुरेश भगत तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें