Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्रों में शुमार साकची गोलचक्कर के समीप रविवार को सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता को लेकर एक वृहद जनजागरूकता अभियान चलाया गया। ‘नेशनल ह्यूमन राइट्स अलायंस’ (NHRA), जो जूलूटो फाउंडेशन की एक इकाई है, के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का नेतृत्व संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोशन कुमार गुप्ता ने किया। अभियान का उद्देश्य लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जमशेदपुर ट्रैफिक विभाग के सार्जेंट मेजर अविनाश टुडू शामिल हुए। उन्होंने NHRA की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट और सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने तथा यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।

अभियान की विशेष आकर्षण शहर के लोकप्रिय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ‘जमशेदपुर वाला’ के नाम से प्रसिद्ध अंकुश कुमार रहे। उन्होंने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जिम्मेदारी से वाहन चलाना ही सच्ची समझदारी है। उन्होंने युवाओं से स्टंटबाजी और लापरवाह ड्राइविंग से दूर रहने का आग्रह किया।
अभियान के दौरान साकची गोलचक्कर से गुजरने वाले दोपहिया एवं चार पहिया वाहन चालकों को रोककर हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने और ओवरस्पीडिंग से बचने के लिए जागरूक किया गया। NHRA के कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर ‘नियम पालन से सुरक्षित सफर, सतर्क समाज-सुरक्षित परिवार’ जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा का महत्व समझाया। इस पहल को स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और आम नागरिकों का सकारात्मक समर्थन मिला।

संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोशन कुमार गुप्ता ने कहा कि मानव अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ समाज को सुरक्षित और जागरूक बनाना भी संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जान-माल की क्षति को रोकने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
इस अभियान में NHRA के कई पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम में दीपशिखा, हेमंत पाठक, सौम्या मिश्रा, रीतिका कुमारी, ज्योति राय, धर्मेश श्रीवास्तव, अनीक बनर्जी, तुषार सिंह, गुरप्रीत कौर, ईशा दास, सुमन कुमारी, तनीषा देवगम, नवनीत कुमार, अमृत सिंह और अपराजिता रावेरकर समेत स्थानीय पुलिस कर्मी एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सड़क सुरक्षा को लेकर चलाया गया यह अभियान शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों का मानना है कि इस तरह की जागरूकता पहलें न केवल यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा देंगी, बल्कि भविष्य में सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी लाने में सहायक सिद्ध होंगी।









