मैकफॉक्स कंपनी में नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के 7 छात्रों का चयन, 3 लाख पैकेज के साथ मिलेगी आवास सुविधा

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : रोजगार और प्लेसमेंट के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही जमशेदपुर स्थित नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के 7 विद्यार्थियों का चयन बेंगलुरु की प्रतिष्ठित मैकफॉक्स कंपनी में हुआ है। यूनिवर्सिटी के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा आयोजित विशेष रिक्रूटमेंट ड्राइव के तहत इंजीनियरिंग और प्रबंधन विभाग के छात्रों ने भाग लिया था, जिसमें सात प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं ने सफलता हासिल की।

कड़े चयन मानदंडों और विभिन्न चरणों की प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद इन छात्रों का चयन पूर्णकालिक रोजगार के लिए किया गया है। कंपनी की ओर से चयनित उम्मीदवारों को डीईटी (Diploma Engineer Trainee) और जीईटी (Graduate Engineer Trainee) की जिम्मेदार भूमिकाएं सौंपी गई हैं। ये पद विशेष रूप से मैकेनिकल इंजीनियरिंग तथा सेल्स एंड मार्केटिंग स्ट्रीम से जुड़े हैं।


मैकफॉक्स कंपनी ने चयनित विद्यार्थियों को 3 लाख रुपये वार्षिक शुरुआती पैकेज देने की घोषणा की है। इसके साथ ही कंपनी की ओर से सिंगल अकोमोडेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे छात्रों और उनके अभिभावकों में खुशी का माहौल है।

इस प्लेसमेंट ड्राइव में बी.टेक, डिप्लोमा और एमबीए विभाग के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था। छात्रों ने अपनी तकनीकी दक्षता और व्यावसायिक कौशल के दम पर यह उपलब्धि हासिल की।



विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मदन मोहन सिंह ने इसे संस्थान की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का प्लेसमेंट सेल लगातार इस दिशा में कार्य कर रहा है कि प्रत्येक विद्यार्थी को बेहतर करियर अवसर उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि मैकफॉक्स जैसी प्रतिष्ठित कंपनी में छात्रों का चयन विश्वविद्यालय की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रशिक्षण व्यवस्था को दर्शाता है।

वहीं कुलपति डॉ. प्रभात कुमार पाणी ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इंजीनियरिंग और एमबीए छात्रों का डीईटी और जीईटी जैसी कोर भूमिकाओं के लिए चयनित होना गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु जैसे तकनीकी और औद्योगिक केंद्र में करियर की शुरुआत छात्रों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।


इस सफलता के बाद विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल है। चयनित छात्र-छात्राओं और उनके परिवारों ने इसे मेहनत और संस्थान के मार्गदर्शन का परिणाम बताया। कंपनी जल्द ही चयनित उम्मीदवारों को औपचारिक जॉइनिंग प्रक्रिया के लिए आमंत्रित करेगी।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.