रंभा कॉलेज के विद्यार्थियों ने शुरू किया एक माह का औद्योगिक इंटर्नशिप

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chaibasa :  रंभा कॉलेज स्नातक विभाग के छात्र-छात्राओं ने सोमवार से एक माह के औद्योगिक इंटर्नशिप कार्यक्रम की शुरुआत की। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम रंभा कॉलेज एवं साह ट्रेडर्स, चाईबासा के बीच हुए एमओयू (समझौता ज्ञापन) के तहत संचालित किया जा रहा है।

इंटर्नशिप के अंतर्गत विद्यार्थियों ने “साह ट्रेडर्स” नामक अग्रणी क्लॉथिंग मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में व्यावहारिक प्रशिक्षण आरंभ किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक शिक्षा तक सीमित न रखकर उन्हें वास्तविक कॉर्पोरेट एवं औद्योगिक वातावरण से जोड़ना है, ताकि वे टेक्सटाइल उद्योग की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझ सकें।

एक माह की इस प्रशिक्षण अवधि में छात्र-छात्राएं वस्त्र निर्माण में उपयोग होने वाली आधुनिक तकनीक, मशीन संचालन, प्रोडक्शन मैनेजमेंट, मार्केटिंग रणनीति तथा सप्लाई चेन प्रबंधन जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त करेंगे।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर रंभा कॉलेज के प्रतिनिधि डॉ. किशन कुमार शर्मा एवं साह ट्रेडर्स के संचालक रोहन साह ने संयुक्त रूप से विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने छात्रों को उद्योग जगत की कार्यशैली को गंभीरता से सीखने और अपने कौशल को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

रंभा कॉलेज के सचिव गौरव बचन ने कहा कि वर्तमान शैक्षणिक व्यवस्था में “हैंड्स ऑन वर्क” अत्यंत आवश्यक है। विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव के माध्यम से अपने कार्य कौशल को समृद्ध करना होगा। उन्होंने कहा कि यह इंटर्नशिप कार्यक्रम छात्रों को रोजगारपरक शिक्षा से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने वाले सभी विद्यार्थियों को समापन के बाद आधिकारिक अनुभव प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाएगा, जो उनके भविष्य के करियर और रोजगार के अवसरों में सहायक सिद्ध होगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.