साहिबजादों की शहीदी दिहाड़ा पर नगर कीर्तन निकला, गुरुवाणी से गूंजा रिफ्यूजी कॉलोनी क्षेत्र

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : श्री गुरु तेगबहादुर जी एवं सिख पंथ के इतिहास में अमर शहादत के प्रतीक चार साहिबजादों की शहीदी दिहाड़ा के पावन अवसर पर गुरुवार को रिफ्यूजी कॉलोनी स्थित गुरुद्वारा साहिब से भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। पंच प्यारों की अगुवाई में निकले नगर कीर्तन में वीर बाल साहिबजादे बाबा अजीत सिंह, बाबा जुझार सिंह, बाबा जोरावर सिंह और बाबा फतेह सिंह की अद्वितीय शहादत को श्रद्धा और सम्मान के साथ नमन किया गया।

नगर कीर्तन के दौरान श्रद्धालुओं ने गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेककर गुरु यश का गुणगान किया। “जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के गगनभेदी जयकारों और गुरुवाणी के मधुर पाठ से पूरा रिफ्यूजी कॉलोनी क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा।

नगर कीर्तन में गुरुद्वारा प्रधान सरदार गुरप्रीत सिंह एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता व वीर बाल दिवस कार्यक्रम के प्रदेश सह-संयोजक कुलवंत सिंह बंटी विशेष रूप से शामिल हुए। बड़ी संख्या में सिख श्रद्धालुओं की सहभागिता ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया।

नगर कीर्तन रिफ्यूजी कॉलोनी क्षेत्र का भ्रमण करते हुए आरडी टाटा गोलचक्कर तक पहुंचा और पुनः गुरुद्वारा परिसर लौटकर संपन्न हुआ। इस दौरान चार वर्ष से लेकर दस वर्ष तक के छोटे-छोटे बच्चों ने भी पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ नगर कीर्तन में भाग लेकर सभी का मन मोह लिया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा, जलपान और सेवा भाव के साथ नगर कीर्तन का स्वागत किया।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अरुंजय सिंह के साथ गुरचरण सिंह, मंजीत सिंह, त्रिलोचन सिंह, हरजीत गंभीर, शरणपाल सिंह सहित स्त्री सत्संग सभा एवं सिख नौजवान सभा के सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। आयोजन श्रद्धा, सेवा और शौर्य की भावना के साथ शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.