Jadugora : लगातार 24 घंटे हुई बारिश से नरवा पहाड़ स्थित मुर्गाघुटू गांव के निचले इलाके में जलजमाव हो गया है। सड़क पर करीब दो फीट पानी जमा होने से आठ परिवारों का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों ने पोटका विधायक संजीव सरदार से नाली निर्माण कराने की मांग की है।
ग्रामीण प्रशांत दास ने बताया कि जलजमाव की समस्या पिछले करीब आठ वर्षों से बनी हुई है। पांच वर्ष पहले गांव में सड़क तो बना दी गई, लेकिन जल निकासी के लिए नाली का निर्माण नहीं किया गया। इसके कारण बारिश होते ही सड़क पानी में डूब जाती है और लोगों को आवागमन में परेशानी होती है।
ग्रामीणों का कहना है कि नाली निर्माण होने से जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान हो सकता है। बालाजी राव, सतीश दास, जामनी दास, कृष्णा दास, अशोक दास, नरेश चंद्र दास और लोबो मुर्मू समेत अन्य ग्रामीण भी जलजमाव की समस्या से जूझ रहे हैं।
















