क्रिकेट के कैप्टन कूल का जन्मदिन: सोशल मीडिया पर छाया #HappyBirthdayMSDhoni

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Ranchi : भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में शुमार महेंद्र सिंह धोनी का सोमवार को 44वां जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। क्रिकेट प्रेमियों के दिलों पर राज करने वाले “कैप्टन कूल” को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए सुबह से ही सोशल मीडिया पर बधाइयों का तांता लग गया। ट्विटर, इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म पर #HappyBirthdayMSDhoni और #Mahi जैसे हैशटैग ट्रेंड करते रहे।

धोनी का जन्म 7 जुलाई 1981 को झारखंड की राजधानी रांची में हुआ था। उन्होंने अपने करियर में भारतीय क्रिकेट को ऊंचाई की उस शिखर पर पहुंचाया, जिसकी कल्पना कभी क्रिकेट प्रेमियों ने की थी। भारत को 2007 में पहला टी20 वर्ल्ड कप, 2011 में ऐतिहासिक वनडे वर्ल्ड कप और 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी दिलाने वाले धोनी विश्व क्रिकेट के एकमात्र कप्तान हैं जिन्होंने तीनों आईसीसी ट्रॉफियां अपने नाम की।

भले ही धोनी ने 2020 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया हो, लेकिन आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान के रूप में उनका दबदबा आज भी कायम है। उनके नेतृत्व में सीएसके ने 5 बार खिताब अपने नाम किया, और 2023 में अंतिम खिताब जीतने के बाद वे एक बार फिर “थाला” के रूप में छा गए।

सोशल मीडिया पर फैंस, पूर्व और मौजूदा क्रिकेटर, बॉलीवुड सेलेब्रिटीज और आम लोगों ने धोनी को अनोखे अंदाज में बधाई दी। किसी ने उनकी बल्लेबाजी की यादें साझा कीं तो किसी ने उनके शांत नेतृत्व कौशल की तारीफ की। ट्विटर पर धोनी के नाम से अब तक 16 हजार से ज्यादा पोस्ट किए जा चुके हैं।

धोनी सिर्फ एक क्रिकेटर नहीं, बल्कि एक भावना हैं – यह बात उनके फैंस बार-बार दोहराते हैं। शांत चित्त, रणनीतिक सोच और मैदान पर संयमित नेतृत्व के लिए पहचाने जाने वाले एम.एस. धोनी की लोकप्रियता समय के साथ और भी बढ़ती जा रही है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.