अहमदाबाद विमान हादसे पर विधायक संजीव सरदार ने जताया गहरा दुःख, शोकाकुल परिवारों के प्रति प्रकट की संवेदना

SHARE:

Jamshedpur : गुजरात के अहमदाबाद में एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 के भीषण हादसे ने पूरे देश को गहरे शोक में डाल दिया है। इस हृदयविदारक हादसे में 242 यात्रियों की मृत्यु हो चुकी है, जिसमें भारतीय नागरिकों के अलावा ब्रिटिश एवं अन्य देशों के नागरिक भी शामिल हैं। इस हादसे पर पोटका विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजीव सरदार ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है।

विधायक संजीव सरदार ने इस त्रासदी पर शोक जताते हुए कहा —
“यह घटना केवल भारत के लिए नहीं बल्कि पूरी मानवता के लिए एक अपूरणीय क्षति है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को इस हादसे में खो दिया है, उनका दुःख शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। मैं इस कठिन घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा हूँ और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना करता हूँ।”

उन्होंने आगे कहा कि केंद्र सरकार, राज्य सरकार एवं स्थानीय प्रशासन पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने हेतु तत्पर हैं। राहत, बचाव एवं पुनर्वास के सभी प्रयास युद्धस्तर पर चल रहे हैं ताकि इस भीषण त्रासदी के प्रभावितों को त्वरित मदद मिल सके।

विधायक श्री सरदार ने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ भावनात्मक एवं मानसिक रूप से खड़े रहें और हरसंभव सहयोग प्रदान करें।

गौरतलब है कि यह हादसा तकनीकी खराबी के कारण विमान के टेक-ऑफ के कुछ ही मिनटों बाद हुआ। हादसे की उच्चस्तरीय जांच प्रारंभ कर दी गई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Comment

और पढ़ें