राशन वितरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, धान खरीद फर्जीवाड़े की होगी जांच : विधायक समीर मोहंती

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Jamshedpur : बहरागोड़ा वन विश्रामागार में विधायक समीर कुमार मोहंती की अध्यक्षता में जिला आपूर्ति एवं सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जन वितरण प्रणाली, डाकिया योजना, गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली, लंबित राशन कार्ड आवेदनों तथा सहकारिता विभाग के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।

विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लाभुकों को नियमित और समय पर राशन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने डाकिया योजना के तहत खाद्यान्न वितरण में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने तथा नए राशन कार्ड के लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने मनमानी करने वाली गैस एजेंसियों पर सख्त कार्रवाई करने और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में सहकारिता विभाग एवं लैम्पस (LAMPS) की कार्यप्रणाली को पारदर्शी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। विधायक ने बनमाकड़ी लैम्पस में अनियमितताओं के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए वहां के सचिव और कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

इस दौरान विधायक समीर मोहंती ने धान खरीद प्रक्रिया में कथित बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़े का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि अंचल कार्यालय में जाली किसानों के नाम पर वास्तविक भूमि से कहीं अधिक रकबा दर्ज कर धान खरीद में अनियमितता की गई है। उन्होंने कहा कि जहां वास्तविक जमीन दो बीघा से भी कम है, वहां रिकॉर्ड में 40 एकड़ तक दर्शाए जाने जैसे मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में दोषी पाए जाने वाले पदाधिकारियों और बिचौलियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। बैठक में प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष असित मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें