Jamshedpur : मास्टर्स क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) जमशेदपुर की टीम ने श्रीलंका दौरे पर शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पांच मैचों की सीरीज 3-2 से अपने नाम कर देश और शहर का गौरव बढ़ाया है। फ्रेंडशिप कप के तहत आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय दौरे में टीम ने बेहतरीन समन्वय, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।
MCA की ओर से आयोजित इस दौरे में टीम ने कई मजबूत टीमों को मात देते हुए सीरीज जीत हासिल की। खास बात यह रही कि पूरे दौरे के दौरान किसी भी खिलाड़ी को चोट नहीं लगी और सभी खिलाड़ी सुरक्षित भारत लौट आए।

01 मई 2026 को खेले गए पहले मुकाबले में इंडियन मास्टर्स क्रिकेट एसोसिएशन (IMCA) ने Chilaw Legends को 33 रनों से हराया। IMCA ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 222 रन बनाए, जबकि विरोधी टीम 189 रन पर सिमट गई।
दूसरे मैच में Power Lions ने IMCA को 15 रनों से हराया। Power Lions ने 180 रन बनाए, जबकि IMCA की टीम 165 रन ही बना सकी।
उसी दिन खेले गए तीसरे मुकाबले में IMCA ने Maris Cricket Legends को 6 विकेट से पराजित किया। Maris CL ने 156 रन बनाए थे, जिसे IMCA ने 157 रन बनाकर आसानी से हासिल कर लिया।
03 मई को खेले गए चौथे मैच में IMCA ने Chilaw Legends को 8 विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। विरोधी टीम 104 रन पर ऑल आउट हो गई, जबकि IMCA ने 105 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
वहीं अंतिम मुकाबले में Colombo Friends ने IMCA को 21 रनों से हराया। Colombo Friends ने 123 रन बनाए, जबकि IMCA की टीम 102 रन पर सिमट गई। इसके बावजूद IMCA ने कुल 3 मुकाबले जीतकर सीरीज 3-2 से अपने नाम कर ली।
पूरे टूर्नामेंट में MCA जमशेदपुर के खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत प्रदर्शन में भी शानदार छाप छोड़ी। पहले मैच में मनीष पचिसिया को मैन ऑफ द मैच और बेस्ट बैटर का पुरस्कार मिला, जबकि स्वप्निल कालबांदे को बेस्ट बॉलर चुना गया।
दूसरे मैच में अजय सैनीस (बेंगलुरु) मैन ऑफ द मैच और बेस्ट बैटर रहे, जबकि श्यामल प्रमाणिक को बेस्ट बॉलर का सम्मान मिला।
चौथे मुकाबले में सुमंत मेंदिरत्ता को मैन ऑफ द मैच चुना गया। महेश वासुदेवन (बेंगलुरु) को बेस्ट बॉलर तथा कौशिक मित्रा को बेस्ट बैटर का पुरस्कार दिया गया।
पूरे फ्रेंडशिप कप टूर्नामेंट में अविनाश कुमार को बेस्ट बॉलर ऑफ द टूर्नामेंट के खिताब से सम्मानित किया गया।
MCA के पदाधिकारियों ने टीम की इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए सभी खिलाड़ियों और सहयोगियों को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी टीम इसी तरह शानदार प्रदर्शन कर जमशेदपुर और देश का नाम रोशन करती रहेगी।










