May day celebration : जिले भर में मनाया गया मई दिवस, चांडिल स्लीपर यूनियन ने शहीद मजदूरों को दी सलामी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Adityapur : अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सरायकेला-खरसावां जिले के विभिन्न प्रखंडों में मई दिवस उत्साह और एकजुटता के साथ मनाया गया। इस दौरान श्रमिक संगठनों द्वारा रैली, सभा और झंडोत्तोलन कार्यक्रम आयोजित कर शहीद मजदूरों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

चांडिल स्टेशन स्थित पेट्रोल पंप के समीप चांडिल स्लीपर यूनियन संघ द्वारा झंडोत्तोलन कर शहीद मजदूरों को सलामी दी गई। इस अवसर पर यूनियन के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मई दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए मजदूर अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आशुतोष महतो और अनंत कुमार महतो ने बताया कि 1 मई 1886 को अमेरिका के शिकागो में मजदूरों ने 8 घंटे कार्यदिवस की मांग को लेकर ऐतिहासिक आंदोलन किया था। उस समय मजदूरों से 12 से 14 घंटे तक काम लिया जाता था और उन्हें न्यूनतम मजदूरी भी नहीं मिलती थी। आंदोलन के दौरान पुलिस फायरिंग में कई मजदूर शहीद हो गए थे, जिनकी स्मृति में आज विश्वभर में मई दिवस मनाया जाता है।

वक्ताओं ने कहा कि आज भी असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को कई बुनियादी सुविधाओं से वंचित रहना पड़ता है। उन्होंने न्यूनतम मजदूरी 26 हजार रुपये निर्धारित करने, सभी मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा (ESI, PF) का लाभ देने, ठेका प्रथा समाप्त करने और 8 घंटे कार्यदिवस को सख्ती से लागू करने की मांग उठाई।

जिले के गम्हरिया, आदित्यपुर, कांड्रा और सरायकेला क्षेत्रों में भी विभिन्न श्रमिक संगठनों जैसे INTUC, AITUC, CITU और SUCI से जुड़े कार्यकर्ताओं ने सभा आयोजित कर मजदूर एकता और अधिकारों की रक्षा का आह्वान किया।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.