Jamshedpur : परसुडीह थाना क्षेत्र के सालगझुडी फाटक के समीप एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला का शव सोमवार रात घर में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर परसुडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान देव कुमार शर्मा की पत्नी सोनी देवी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, सोनी देवी की शादी वर्ष 2013 में हुई थी। परिवार में उनके पति तथा तीन बच्चे—दो बेटे और एक बेटी—हैं। ससुराल पक्ष का कहना है कि सोनी देवी पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थीं। हालांकि, घटना के संबंध में परिवार के सदस्य मीडिया से बातचीत करने से बचते रहे।
मृतका के भाई बबलू कुमार शर्मा ने बताया कि सोमवार रात करीब 10:30 बजे उनके बहनोई ने फोन कर बहन के फांसी लगाने की सूचना दी। उन्होंने कहा कि उनकी बहन का किसी प्रकार का इलाज नहीं चल रहा था। उनके अनुसार परिवार में सामान्य घरेलू विवाद होते थे, लेकिन घटना के वास्तविक कारणों की उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने मामले को संदेहास्पद बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस के अनुसार, मामले का एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी है कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार किया है। परसुडीह थाना पुलिस ने बताया कि परिजनों द्वारा दिए जाने वाले आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगा।









