औसत बोनस 53,787 रुपये; करीब 8 हजार कर्मचारियों को मिलेगा लाभ, 151 अप्रेंटिस की बहाली का भी समझौता
Jamshedpur : टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट में सोमवार को वार्षिक बोनस समझौता संपन्न हुआ। प्रबंधन और यूनियन के बीच लगातार हुई वार्ता के बाद सहमति बनी और सौहार्दपूर्ण माहौल में टाटा मोटर्स के जनरल ऑफिस में समझौता पत्र पर हस्ताक्षर किए गए।
इस वर्ष कर्मचारियों को 14.03 प्रतिशत बोनस मिलेगा। इसके तहत अधिकतम बोनस राशि 87,543 रुपये, जबकि औसत बोनस 53,787 रुपये निर्धारित हुआ है। पिछले वर्ष बोनस 12.3 प्रतिशत था, जिसमें अधिकतम 75,223 रुपये और औसत 50,160 रुपये का भुगतान किया गया था। इस बार बोनस की राशि में पिछले वर्ष की तुलना में बढ़ोतरी हुई है।
समझौते के तहत सुपरनेशन के सदस्यों को 15,791 रुपये की राशि मिलेगी। करीब 8,000 कर्मचारियों को बोनस का लाभ मिलने की बात यूनियन की ओर से कही गई है। बोनस की राशि आगामी 1 अक्टूबर को कर्मचारियों के बैंक खातों में भेजे जाने की जानकारी दी गई।
151 अप्रेंटिस की बहाली और स्थायीकरण पर समझौता
बोनस समझौते के साथ श्रमिक हित से जुड़े कई अन्य मुद्दों पर भी सहमति बनी। यूनियन के अनुसार, प्रत्येक वर्ष 151 अप्रेंटिस की बहाली की जाएगी। अप्रेंटिसशिप पूरी करने के बाद डिप्लोमा प्राप्त करने वाले प्रशिक्षुओं के स्थायीकरण की प्रक्रिया का प्रावधान भी समझौते में शामिल किया गया है।
समझौते के प्रमुख बिंदुओं में शामिल हैं—
1. 151 अप्रेंटिस की बहाली की जाएगी और डिप्लोमा के बाद स्थायीकरण का प्रावधान होगा।
2. कर्मचारियों को मल्टी-स्किल का लाभ मिलेगा।
3. नियोजन लंबित पांच टीएमएसटी प्रशिक्षुओं को नियोजन का लाभ मिलेगा।
4. पुराने डिप्लोमाधारियों को एक अतिरिक्त इंक्रीमेंट मिलेगा।
5. प्रगति स्कीम के तहत प्रशिक्षण पूरा कर चुके प्रशिक्षुओं को विशेष इंक्रीमेंट दिया जाएगा।
यूनियन और प्रबंधन के वरीय पदाधिकारी रहे मौजूद
बोनस वार्ता में यूनियन की ओर से अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद और महामंत्री आरके सिंह शामिल हुए। वहीं प्रबंधन की ओर से ऑनलाइन सीएचआरओ डीपी नाम्बिया, वीपी ऑपरेशन विशाल बादशाह, प्लांट हेड अनुराग छारिया, एचआर हेड प्रणव कुमार, ईआर हेड सौमिक रॉय समेत अन्य वरीय पदाधिकारी शामिल हुए।
समझौते पर हस्ताक्षर के बाद यूनियन और प्रबंधन के प्रतिनिधियों ने टाटा साहब की प्रतिमा के समक्ष संयुक्त रूप से फोटो खिंचवाई।
समझौते के बाद कंपनी गेट से निकला जुलूस
बोनस समझौता होने के बाद यूनियन अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह और यूनियन सलाहकार प्रवीण सिंह खुले वाहन पर सवार होकर कंपनी गेट से जुलूस के रूप में निकले। गाजे-बाजे के साथ निकले जुलूस के दौरान आतिशबाजी भी की गई। जुलूस शाम करीब सात बजे यूनियन कार्यालय पहुंचा।
यूनियन कार्यालय में अध्यक्ष शशि भूषण प्रसाद, महामंत्री आरके सिंह और सलाहकार प्रवीण सिंह ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर बोनस समझौते की जानकारी साझा की। महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि बोनस समझौते के साथ श्रमिक हित से जुड़े कई अन्य मुद्दों पर भी सहमति बनी है।
















