Jamshedpur : Chaibasa स्थित Kolhan University परिसर में सीनेट बैठक के दौरान आग लगने की घटना से अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, लगभग चार वर्षों बाद विश्वविद्यालय में सीनेट की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक सुबह 10:30 बजे निर्धारित थी, लेकिन देरी से शुरू होकर करीब 11:30 बजे प्रारंभ हुई। पहला सत्र दोपहर 2:30 बजे समाप्त हुआ।

भोजनावकाश के बाद जैसे ही बैठक का दूसरा सत्र शुरू होने वाला था, तभी परीक्षा विभाग के पीछे लगे बिजली के ट्रांसफार्मर में अचानक आग लग गई। आग लगते ही परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थिति को देखते हुए तत्काल बिजली विभाग को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई, ताकि आग पर काबू पाया जा सके।

गनीमत रही कि सीनेट बैठक के कारण मौके पर पहले से ही दमकल की गाड़ियां मौजूद थीं। दमकल कर्मियों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे किसी बड़े हादसे से बचाव हो सका। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।











