गोइलकेरा में सड़क हादसे में भूतपूर्व सैनिक की मौत, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के सायतबा गांव के समीप रविवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक भूतपूर्व सैनिक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गोइलकेरा प्रखंड के नूगढ़ी निवासी 58 वर्षीय सुरेंद्र जामुदा के रूप में हुई है। हादसे में गंभीर रूप से घायल सुरेंद्र जामुदा ने अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

परिजनों के अनुसार, सुरेंद्र जामुदा अपने भाई के साथ मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चाकोपसाई गए थे। वहां उनकी गाड़ी खराब हो जाने पर उसे एक गैरेज में मरम्मत के लिए छोड़ दिया गया। इसके बाद दोनों भाई वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान सायतबा गांव के पास सामने से आ रही एक ओडी कार से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि सुरेंद्र जामुदा गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही गोइलकेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इधर, हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुरेंद्र जामुदा भारतीय सेना के भूतपूर्व सैनिक थे और अपने शांत एवं मिलनसार स्वभाव के कारण क्षेत्र में सम्मानित व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें