Jamshedpur : कदमा न्यू फार्म एरिया दुर्गा पूजा कमेटी के भव्य पूजा पंडाल का उद्घाटन बुधवार शाम चतुर्थी के दिन श्रीलेदर्स के प्रमुख एवं समाजसेवी शेखर डे ने फीता काटकर और मां दुर्गा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह में स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
महिलाओं को समान सम्मान देना ही सच्ची आराधना
उद्घाटन के अवसर पर समाजसेवी शेखर डे ने कहा कि दुर्गा पूजा मातृशक्ति की आराधना का पर्व है। महिलाओं को समान सम्मान और अधिकार देना ही मां दुर्गा की सच्ची आराधना है। उन्होंने कहा कि यह पर्व असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है और समाज को सदैव सत्य एवं न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
40 फीट ऊंचा और 60 फीट चौड़ा है पंडाल
इस वर्ष पूजा पंडाल को काल्पनिक स्वरूप में तैयार किया गया है। करीब आठ लाख रुपये की लागत से बने 40 फीट ऊंचे और 60 फीट चौड़े पंडाल का निर्माण पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर से आए कारीगरों ने किया है। पंडाल के सामने हरित क्रांति का संदेश देने के उद्देश्य से आकर्षक गार्डन तैयार किया गया है, जिसमें विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए जाएंगे। इसके अलावा 20 फीट ऊंचा फव्वारा भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहेगा।
स्थानीय मूर्तिकार ने तैयार की मां दुर्गा की प्रतिमा
‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को बढ़ावा देते हुए स्थानीय मूर्तिकार कालू दा ने डाकेर साज में मां दुर्गा की प्रतिमा तैयार की है। पूरे पूजा परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया है, जिससे पंडाल की भव्यता और बढ़ गई है।
उद्घाटन समारोह के दौरान स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस अवसर पर कमेटी की ओर से समाजसेवी शेखर डे और अंतरराष्ट्रीय योग गुरु अंशु सरकार को सम्मानित किया गया।
1956 से लगातार हो रहा है पूजा का आयोजन
उल्लेखनीय है कि न्यू फार्म एरिया दुर्गा पूजा कमेटी वर्ष 1956 से लगातार दुर्गा पूजा का आयोजन करती आ रही है। इस वर्ष भी कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भव्य पूजा पंडाल और आकर्षक सजावट की व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम में कमेटी के चेयरमैन सुदीप्तो मुखर्जी, अध्यक्ष वी.एस. राणा, महासचिव एवं लाइसेंसी रुनु मोहंती, सपन कर, अंजन कर, पार्थो दत्ता, बाबली बनर्जी, चित्रदीप भट्टाचार्य, सुमित कुमार, आशीष सिंह, रंजन बैरा, प्रदीप दास, पिंटू घोषाल, संजय दास सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
















