जमशेदपुर: जुगसलाई नगर परिषद की अध्यक्ष नौशीन खान ने नगर परिषद कार्यालय का औचक निरीक्षण कर भारत निर्वाचन आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान (SIR) की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची के शुद्धिकरण, नए मतदाताओं के पंजीकरण और लंबित आवेदनों के निस्तारण की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) और संबंधित कर्मचारियों से घर-घर सर्वेक्षण, प्राप्त आवेदनों और अभियान की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पात्र नए मतदाताओं के नाम समयबद्ध तरीके से मतदाता सूची में जोड़े जाएं, मृत एवं स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं के नाम नियमानुसार हटाए जाएं तथा संशोधन संबंधी सभी आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
नौशीन खान ने कहा कि घर-घर सर्वेक्षण के दौरान कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह शुद्ध और विश्वसनीय बन सके।
उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि यदि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है या किसी प्रकार के संशोधन की आवश्यकता है, तो वे निर्धारित प्रपत्र भरकर जल्द आवेदन करें और विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का लाभ उठाएं।
अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि मतदाता सूची पुनरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गैर-जिम्मेदाराना रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी स्तर पर कोताही पाई गई, तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
















