Potka : पोटका के माताजी आश्रम, हाता में झारखण्ड साहित्य संस्कृति परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक परिषद के सदस्यों एवं साहित्यकारों की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। बैठक में साहित्यिक गतिविधियों को विस्तार देने, पत्रिका प्रकाशन और आगामी कार्यक्रमों को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।
बैठक की शुरुआत झारखण्ड प्रभा पत्रिका के संपादक सुनील कुमार दे द्वारा सभी अतिथियों और साहित्यकारों के स्वागत के साथ हुई। इस दौरान उन्होंने बीते वर्ष प्रकाशित पत्रिका का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि ‘झारखण्ड प्रभा’ का 18वां अंक आगामी 11 अक्टूबर 2026, महालया के दिन प्रकाशित किया जाएगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि पत्रिका के लिए कवियों और लेखकों से मौलिक एवं अप्रकाशित रचनाएं आमंत्रित की जाएंगी। रचनाएं भेजने की अंतिम तिथि 16 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
साहित्यिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से इस वर्ष कविता, कहानी और लेख प्रतियोगिता आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया। प्रतियोगिता की तिथि और अन्य जानकारियां बाद में जारी की जाएंगी।
परिषद की अगली बैठक आगामी 14 जून को नुआग्राम स्थित परिषद के सचिव के आवास पर आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक के बाद आयोजित कवि गोष्ठी में सुनील कुमार दे, करुणामय मंडल, अमल कुमार दास सहित अन्य साहित्यकारों ने अपनी स्वरचित कविताओं का पाठ कर साहित्यिक माहौल को जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में शंकर चंद्र गोप ने धन्यवाद ज्ञापन किया। बैठक में शक्ति शेखर रजक, राजकुमार साहू, कृष्ण पद मंडल, जन्मेजय सरदार, रविकांत भक्त, मानिकलाल महतो, मृणाल कांति पाल, स्वपन कुमार मंडल, असित कुमार पात्र, तारा पद गोप सहित कई साहित्यकार उपस्थित रहे।











