Saraikela : सरायकेला जिले के भोलाडीह स्थित आरकेएफएल प्लांट-8 परिसर में रविवार को विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन प्लांट के एजीएम नवीन सिन्हा ने फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्लांट के अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय ग्रामीण एवं ब्रह्मानंद नारायणा अस्पताल की मेडिकल टीम मौजूद रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एजीएम नवीन सिन्हा ने कहा कि प्लांट में पहली बार रक्तदान शिविर आयोजित किया गया है। उन्होंने बताया कि ब्रह्मानंद नारायणा अस्पताल की ओर से भी पहली बार यहां रक्त संग्रह किया गया। उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानवीय सेवा कार्य है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है।
शिविर में कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। खास बात यह रही कि महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर रक्तदान कर सामाजिक जागरूकता और जिम्मेदारी का परिचय दिया। पूरे शिविर के दौरान कुल 180 यूनिट रक्त संग्रह किया गया।
रक्तदाताओं के लिए नाश्ता, पेयजल एवं उपहार की विशेष व्यवस्था की गई थी। रक्तदान के बाद सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
शिविर को सफल बनाने में ब्रह्मानंद नारायणा अस्पताल की मेडिकल टीम, आरकेएफएल प्लांट प्रबंधन तथा कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन के दौरान पूरे परिसर में सेवा और मानवता का संदेश देखने को मिला।











