होमलेस वर्ल्ड कप की राह पर झारखंड के पांच फुटबॉलर, इंडिया कैंप व ट्रायल के लिए नागपुर रवाना

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chaibasa : झारखंड के पांच युवा फुटबॉलर 15 से 17 जुलाई तक नागपुर में आयोजित होने वाले इंडिया कैंप सह ट्रायल में भाग लेने के लिए चक्रधरपुर से रवाना हुए। इस शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मैक्सिको के जोकालो स्क्वायर में आयोजित होने वाले होमलेस वर्ल्ड कप-2026 में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिल सकता है।

पश्चिमी सिंहभूम जिले से चयनित खिलाड़ियों में सूरज बिरुली, ललित बैंकुरा, सचिन रमेश करवा, बनफूल तुबिड और मोनिका पुरती शामिल हैं। नागपुर रवाना होने से पूर्व चक्रधरपुर रेलवे स्टेशन पर पूर्व फुटबॉलर एवं समाजसेवी विजय सिंह मेलगंडी, अधिवक्ता बिर सिंह बिरुली तथा युवा समाजसेवी मदन बोदरा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इन खिलाड़ियों का चयन इंक्लूजन कप-2026 में झारखंड की पुरुष एवं महिला टीम के शानदार प्रदर्शन के आधार पर हुआ है। गोवा में आयोजित इस प्रतियोगिता में झारखंड की दोनों टीमों ने उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया था, जिसके बाद खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के ट्रायल के लिए चुना गया।

नागपुर में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर और ट्रायल में सफल रहने वाले खिलाड़ियों को होमलेस वर्ल्ड कप-2026 के लिए भारतीय टीम में स्थान मिलेगा। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन स्लम सॉकर द्वारा किया जा रहा है, जबकि खिलाड़ियों को एकता संस्था की ओर से प्रशिक्षण एवं अन्य आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें