झारखंड अगेंस्ट करप्शन की बैठक में भ्रष्टाचार और री-एडमिशन फीस पर गरमा चर्चा, आंदोलन की चेतावनी

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Ranchi : राजधानी रांची में करम टोली चौक स्थित प्रेस क्लब में आयोजित झारखंड अगेंस्ट करप्शन की अहम बैठक में राज्य में बढ़ते भ्रष्टाचार और स्कूलों द्वारा री-एडमिशन के नाम पर हो रही वसूली का मुद्दा जोर-शोर से उठा। बैठक में केंद्रीय संगठन मंत्री सह रांची लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी निपु सिंह भी शामिल हुए।


बैठक में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि कई स्कूल री-एडमिशन के नाम को बदलकर अलग-अलग शीर्षकों के जरिए अभिभावकों से अवैध वसूली कर रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर संगठन ने गंभीर चिंता जताई और इसे शिक्षा व्यवस्था में फैलते भ्रष्टाचार का हिस्सा बताया।


संगठन के संयोजक चितरंजन कुमार ने कहा कि अब समय आ गया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाए और सभी पदाधिकारी इसके लिए तैयार रहें।

वहीं केंद्रीय अध्यक्ष दुर्गा मुंडा ने भी साफ संकेत दिया कि संगठन जल्द ही सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगा और इस मुद्दे को जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा।

अपने संबोधन में निपु सिंह ने कहा कि झारखंड में भ्रष्टाचार अब छिपा हुआ नहीं है, बल्कि हर जगह नजर आता है। उन्होंने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि आने वाले समय में जेलों में जगह की कमी हो सकती है।

उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे एकजुट होकर झारखंड अगेंस्ट करप्शन के साथ जुड़ें, अन्यथा आने वाली पीढ़ियां इस लापरवाही के लिए माफ नहीं करेंगी।

इस बैठक में चितरंजन कुमार, दुर्गा मुंडा, मृत्युंजय कुमार सिंह, प्रमोद यादव, मंजय दुबे और राजा सहित सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे। बैठक में संगठन को मजबूत करने और भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने का संकल्प लिया गया।

बैठक के बाद संकेत साफ हैं कि झारखंड में भ्रष्टाचार और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को लेकर जल्द ही व्यापक आंदोलन देखने को मिल सकता है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.