चांडिल में बेकाबू ट्रेलर का कहर: बाइक और बस को मारी टक्कर, महिला समेत 6 गंभीर घायल

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Seraikela : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत भादुडीह में बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार और लापरवाही का यह खतरनाक मेल कुछ ही पलों में कई जिंदगियों पर भारी पड़ गया। इस दुर्घटना में एक महिला समेत कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

घायलों को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क पर ‘मौत बनकर’ दौड़ने लगा। सबसे पहले उसने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मारी, जिससे वे दूर जा गिरे।

इसके बाद भी ट्रेलर नहीं रुका और आगे बढ़ते हुए एक यात्री बस को भी अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और ट्रेलर दोनों बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।


इस हादसे में घायल लोगों में ट्रेलर चालक राठौर राई, खलासी कलीमुद्दीन, बस चालक मफिस, बस में सवार महिला सफीना खातून और बाइक सवार इमरान, राजू तथा इतेशाम कुरैशी शामिल हैं। सभी घायलों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया।



प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, ट्रेलर रांची से चाकुलिया की ओर जा रहा था, जबकि यात्री बस मानगो से कुकड़ू की दिशा में जा रही थी। इसी दौरान भादुडीह के पास यह भयावह हादसा हुआ।


हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई और तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।


यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर करता है। थोड़ी सी असावधानी कैसे कई जिंदगियों को खतरे में डाल सकती है, इसका यह ताजा उदाहरण है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.

और पढ़ें