Jadugoda : जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद खीरू महतो ने सोमवार को मुसाबनी स्थित मैरेज हॉल में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में झारखंड सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने राज्य में भ्रष्टाचार, अवैध गतिविधियों और जमीन के कारोबार में कथित फर्जीवाड़े का मुद्दा उठाते हुए सरकार और जिला प्रशासन पर सवाल खड़े किए।
खीरू महतो ने आरोप लगाया कि झारखंड में कोयला खदानों से लेकर विभिन्न क्षेत्रों तक भ्रष्टाचार व्याप्त है। उन्होंने कहा कि राज्य में दिन-रात चोरी हो रही है, जबकि जिला प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। जमीन के कारोबार में फर्जीवाड़े का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि कथित तौर पर दो नंबर की रसीद बनाकर जमीन माफिया गरीबों की जमीन लूट रहे हैं और उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आने वाले दिनों में उनकी पार्टी झारखंड में नशाबंदी के खिलाफ अभियान चलाएगी, ताकि बिहार की तर्ज पर झारखंड में भी इस दिशा में पहल हो सके। उन्होंने महिलाओं को विभिन्न विभागों में 35 प्रतिशत आरक्षण दिलाने के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।

कार्यकर्ता सम्मेलन से पहले खीरू महतो ने पार्टी के युवा नेता वीर सिंह देवगम और घाटशिला प्रखंड अध्यक्ष स्वारिक राज शुक्ला को कार्यक्रम सफल बनाने के लिए बधाई दी। उन्होंने दोनों नेताओं को गले लगाकर उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव, प्रदेश महासचिव संजय ठाकुर, कौशल कुमार, युवा प्रदेश अध्यक्ष निर्मल सिंह, प्रदेश सचिव अजय सोनी, महानगर अध्यक्ष अजय कुमार, वरिष्ठ नेता संजीव आचार्य, मनोरंजन महतो, वीर सिंह देवगम, मुसाबनी प्रखंड अध्यक्ष पप्पू सिंह, प्रखंड प्रभारी हरविंदर सिंह, घाटशिला प्रखंड अध्यक्ष स्वारिक राज शुक्ला, चाकुलिया प्रखंड अध्यक्ष संजय कर्मकार, पोटका प्रखंड अध्यक्ष यशराज मुर्मू, डुमरिया प्रखंड अध्यक्ष बृहस्पति कर्मकार, जिला उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह, जिला सचिव विनोद सिंह, निलरंजन श्रीवास्तव, अशोक सिंह, प्रकाश कोया, प्रेम सक्सेना, दिनेश कुमार सिंह, विजय राव, विकास साहनी, शंकर कर्मकार, अरुण श्रीवास्तव, सुबोध प्रसाद, महेंद्र सिंह, अवतार सिंह तारी और परविंदर राम सहित अन्य कार्यकर्ताओं की भूमिका रही।
कार्यक्रम में सैकड़ों महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता उपस्थित थे। मंच संचालन जिला महासचिव कुलविंदर सिंह पन्नू ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन संजीव सिंह ने किया।

















