सारंडा में नक्सल अभियान के दौरान मलेरिया से जवान की मौत, सुरक्षा बलों में शोक

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Chaibasa : सारंडा जंगल में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एक दुखद घटना सामने आई है, जहां नक्सलियों की गोलियों और आईईडी के साथ-साथ बीमारियां भी जवानों के लिए घातक साबित हो रही हैं। अभियान में तैनात असम निवासी जवान के. आनंद सिंह की मलेरिया से मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, अभियान के दौरान जवान को तेज बुखार हुआ। प्राथमिक जांच में मलेरिया की पुष्टि हुई, जिसके बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एयरलिफ्ट कर रांची ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मल्टीपल ऑर्गन फेल होने से शनिवार को उनकी मृत्यु हो गई।

बताया जाता है कि सारंडा क्षेत्र मलेरिया प्रभावित जोन है। घने जंगल, दुर्गम इलाकों में लगातार गश्त और अस्थायी कैंपों में रहने के कारण जवान मच्छर जनित बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। विशेषकर बारिश के बाद मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाने से स्थिति और गंभीर हो जाती है।

इस घटना के बाद सुरक्षा बलों और पुलिस महकमे में शोक की लहर है। वरीय अधिकारियों ने जवान के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उनके पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक उनके पैतृक गांव असम भेजने की प्रक्रिया जारी है।

घटना के मद्देनजर अभियान में शामिल अन्य जवानों की स्वास्थ्य जांच के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही मच्छरदानी, कीटनाशक और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नक्सलियों के खिलाफ अभियान के साथ-साथ जवानों के स्वास्थ्य की सुरक्षा भी सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.