JADUGODA | यूसीआईएल द्वारा संचालित परमाणु ऊर्जा केंद्रीय विद्यालय की नरवा पहाड़, तुरामडीह और जादूगोड़ा इकाइयों में वर्ष 2026 बैच के करीब 350 नामांकित बच्चों की कक्षाएं शुरू नहीं होने से अभिभावकों का आक्रोश बढ़ गया है। रविवार को अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन कर बच्चों की पढ़ाई जल्द शुरू कराने की मांग की।
अभिभावकों के बढ़ते दबाव और विरोध प्रदर्शन को देखते हुए यूसीआईएल प्रबंधन ने मामले के समाधान के लिए सोमवार को बैठक बुलाई है। बैठक सुबह 10:30 बजे आयोजित की जाएगी। बैठक में यूसीआईएल प्रबंधन और अभिभावक संघ के प्रतिनिधियों के बीच बच्चों की पढ़ाई शुरू कराने समेत अन्य मांगों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
आंदोलन की अगुवाई कर रहे झामुमो नेता बाघराय मार्डी ने कहा कि गैर-यूसीआईएल कर्मियों के बच्चों के लिए शिक्षा के अधिकार के तहत परमाणु ऊर्जा केंद्रीय विद्यालय में 25 प्रतिशत नामांकन का प्रावधान है, लेकिन इसमें कथित रूप से कटौती की जा रही है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवारों के बच्चों को शिक्षा का अधिकार मिलने के बजाय उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चों को मिलने वाली छात्रवृत्ति, मेडिकल सुविधा, ड्रेस तथा कॉपी-किताब जैसी सुविधाएं भी पिछले करीब एक वर्ष से बंद हैं। ऐसे में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
बाघराय मार्डी ने कहा कि नए सत्र में भी बच्चों की कक्षाएं शुरू नहीं होने से उनका भविष्य अधर में है। उन्होंने यूसीआईएल और स्कूल प्रबंधन से तत्काल समस्या का समाधान करने की मांग की।
उन्होंने चेतावनी दी कि यूसीआईएल प्रबंधन को 72 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया है। सोमवार को होने वाली बैठक में यदि सकारात्मक समाधान नहीं निकला तो अभिभावक कंपनी प्रबंधन और स्कूल प्रशासन के खिलाफ चरणबद्ध आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे। उन्होंने कहा कि इसकी पूरी जिम्मेदारी यूसीआईएल प्रबंधन की होगी।
















