स्थानीय बेरोजगारों की बहाली को लेकर गुवा सेल खदान में अनिश्चितकालीन चक्का जाम

Share करें

✓ Link copy हो गया!

Guwa : 12 गांव के मुंडा-मानकी संघ ने झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री Madhu Koda के नेतृत्व में 500 स्थानीय बेरोजगारों की बहाली की मांग को लेकर गुवा स्थित Steel Authority of India Limited (सेल) खदान में अनिश्चितकालीन चक्का जाम शुरू कर दिया है। आंदोलन के कारण खदान क्षेत्र में खनन कार्य पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

आंदोलनकारियों ने गुवा सेल के साइज स्क्रीन तथा पहाड़ के ऊपर स्थित क्रॉसिंग प्लांट को बंद करा दिया, जिससे उत्पादन कार्य पूरी तरह ठप हो गया। इसके साथ ही सेल रेलवे बंकर स्थित डिस्पैच कार्य भी बाधित हो गया है। आंदोलन का असर इतना व्यापक रहा कि सुबह चार बजे प्रथम पाली में खदान क्षेत्र जाने वाली बसों को भी रोक दिया गया, जिसके कारण कई सेल कर्मी कार्यस्थल तक नहीं पहुंच सके।

चक्का जाम और बंदी को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। गुवा प्रशासन एवं Central Industrial Security Force (सीआईएसएफ) के जवान आंदोलन स्थल पर तैनात हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

आंदोलन में सारंडा पीढ़ मानकी सुरेश चाम्पिया, मुंडा सोंगा सुरीन समेत विभिन्न गांवों के मुंडा-मानकी और बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग लंबे समय से लंबित है, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस पहल नहीं हुई। उनका स्पष्ट कहना है कि जब तक 500 स्थानीय बेरोजगारों की बहाली नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.