Adityapur : सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए नीमडीह थाना क्षेत्र में बड़ी छापेमारी अभियान चलाया। उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह के निर्देश एवं उत्पाद अधीक्षक श्री क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में 18 अप्रैल 2026 को ग्राम जुगीलोंग में यह अभियान संचालित किया गया।
छापेमारी के दौरान कुल 6 अवैध चुलाई अड्डों को ध्वस्त किया गया। साथ ही लगभग 1500 किलोग्राम जावा महुआ एवं 80 लीटर महुआ चुलाई शराब बरामद की गई। सभी जब्त सामग्री को विधिवत नष्ट करते हुए अड्डा संचालकों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगामी चुनाव के मद्देनजर अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।











