पश्चिम हलुदबनी में अवैध डीप बोरिंग का विरोध, मुखिया ने प्रशासन से लगाई रोक की गुहार

Share करें

✓ Link copy हो गया!

जमशेदपुर : पश्चिम हलुदबनी ग्राम पंचायत क्षेत्र में अवैध डीप बोरिंग को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। पंचायत की मुखिया सुमन सिरका ने गोलमुरी-सह-जुगसलाई प्रखंड विकास पदाधिकारी को पत्र सौंपकर सरकारी सड़क को क्षतिग्रस्त कर किए जा रहे डीप बोरिंग कार्य पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।


मुखिया द्वारा दिए गए पत्र में बताया गया है कि पंचायत अंतर्गत कलन रोड (बाई लेन) में सुमन बोखेल के समीप किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा डीप बोरिंग कराया जा रहा है। आरोप है कि इस कार्य से सरकारी सड़क को नुकसान पहुंच रहा है और स्थानीय लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।


स्थानीय निवासियों की शिकायत पर पंचायत की वार्ड सदस्य सविता सरकार एवं खत्री सिरका मौके पर पहुंचे और कार्य का विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने पर संबंधित लोगों द्वारा दुर्व्यवहार किया गया तथा पूर्व मुख्यमंत्री का नाम लेकर धमकी भी दी गई। इसके बावजूद डीप बोरिंग का कार्य जारी रखा गया।


मुखिया सुमन सिरका ने कहा कि इस प्रकार का कार्य पंचायत नियमों का खुला उल्लंघन है और इससे क्षेत्र में जल संकट की समस्या और गंभीर हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर अवैध डीप बोरिंग पर रोक लगाने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Comment

The specified slider id does not exist.