भाजपा जमशेदपुर महानगर के दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ, 12 सत्रों में कार्यकर्ताओं को मिलेगा वैचारिक एवं संगठनात्मक प्रशिक्षण

SHARE:

Jamshedpur : भाजपा जमशेदपुर महानगर के जिला स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को सोनारी स्थित चित्रगुप्त भवन सभागार में भव्य शुभारंभ हुआ। महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग में 36 घंटे के दौरान 12 अलग-अलग सत्रों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को संगठन, विचारधारा, बूथ प्रबंधन एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, प्रदेश उपाध्यक्ष आभा महतो, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, प्रदेश मंत्री एवं वर्ग प्रभारी शैलेन्द्र सिंह, विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा और अन्य नेताओं ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान पार्टी के संस्थापक नेताओं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण भी किया गया।

कार्यक्रम स्थल पर भाजपा के इतिहास, जमशेदपुर के प्रमुख दर्शनीय स्थलों और केंद्र सरकार की उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई।



उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग पार्टी की रीति-नीति और विचारधारा को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता राष्ट्र निर्माण का सशक्त आधार है और संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता से ही तय होती है।

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले साढ़े ग्यारह वर्षों में सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और श्रमिक वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। उन्होंने हर घर जल, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत और मुफ्त राशन योजना जैसी योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं।



द्वितीय सत्र में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने भाजपा की वैचारिक पृष्ठभूमि पर चर्चा करते हुए कहा कि भाजपा भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद और सेवा की भावना से प्रेरित संगठन है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ समाज सेवा और संगठन विस्तार में जुटने का आह्वान किया।


संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कार्यकर्ता विकास और दायित्व बोध विषय पर कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता समाज के हर सुख-दुख में सहभागी बनकर सेवा और समर्पण का उदाहरण प्रस्तुत करता है।

वहीं सीमा शर्मा ने बूथ प्रबंधन एवं ‘मन की बात’ कार्यक्रम को घर-घर तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मजबूत बूथ संगठन ही चुनावी सफलता की आधारशिला है।

राष्ट्रीय प्रशिक्षण विभाग के सदस्य राजकुमार फुलवरिया ने भाजपा की कार्यपद्धति पर प्रकाश डालते हुए संगठन संचालन, समन्वय और पारिवारिक भावना को भाजपा की विशेष पहचान बताया।


प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व मंत्री अमर बाउरी ने देश के समक्ष मौजूद चुनौतियों और उनके समाधान पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा से विचलित कुछ राष्ट्रविरोधी ताकतें देश को अस्थिर करने का प्रयास कर रही हैं, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आंतरिक सुरक्षा के क्षेत्र में लगातार मजबूत हुआ है।

प्रदेश मंत्री शैलेन्द्र सिंह ने व्यवहारिक विषय पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण वर्ग के प्रथम दिन का समापन सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुआ।


प्रशिक्षण वर्ग के अंतिम दिन पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रविन्द्र राय, डॉ. प्रदीप वर्मा, राहुल शाहदेव समेत अन्य वरिष्ठ नेता विभिन्न विषयों पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करेंगे।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक मेनका सरदार, पूर्व मंत्री दुलाल भुइयां, मीरा मुंडा, गुंजन यादव, मिथिलेश सिंह यादव, कुलवंत सिंह बंटी, योगेश मल्होत्रा, राजेश शुक्ला, रीता मिश्रा, कुसुम पूर्ति समेत बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें