Chaibasa : Gua क्षेत्र में ठेका मजदूरों एवं स्थानीय समस्याओं को लेकर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन और Steel Authority of India Limited (सेल) प्रबंधन के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक में यूनियन की ओर से केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे, महामंत्री अंतरयामी महाकुड़, चंद्रिका खण्डाईत, पदमा केसरी और राजेश यादव उपस्थित रहे। वहीं प्रबंधन की ओर से मुख्य महाप्रबंधक चंद्रभूषण कुमार और महाप्रबंधक (एचआर) प्रवीण कुमार सिंह शामिल हुए।
बैठक के दौरान यूनियन ने मजदूरों और क्षेत्र से जुड़ी कई अहम समस्याएं उठाईं। यूनियन ने गुवा सेल अस्पताल में मरीजों के बीच फल वितरण की व्यवस्था पुनः शुरू करने, मरीजों को रात में दूध, भोजन में पनीर की सब्जी तथा शुगर मरीजों के लिए विशेष आहार उपलब्ध कराने की मांग की।
इसके अलावा मजदूरों के क्वार्टरों की मरम्मत में हो रही अनदेखी पर सवाल उठाते हुए यूनियन ने अधिकारियों की तरह ही मजदूरों के आवासों में भी सिविल कार्य प्राथमिकता से शुरू करने की मांग की। शौचालय निर्माण एवं फर्श पर टाइल्स लगाने से संबंधित टेंडर को जल्द लागू करने की भी बात कही गई।
शिक्षा एवं कौशल विकास के तहत इस्को मिडिल स्कूल में शिक्षकों की कमी दूर करने, एचआरडी में कंप्यूटर प्रशिक्षण शुरू करने तथा सफाई कर्मियों को ड्रेस उपलब्ध कराने की मांग रखी गई। साथ ही ठेका मजदूरों के लिए समान काम के बदले समान वेतन, ऑपरेटर एवं टेक्नीशियन की कमी को पूरा करने, शुद्ध पेयजल व्यवस्था और अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
इन सभी मांगों पर प्रबंधन ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए सहमति जताई और जल्द ही उन्हें लागू करने का आश्वासन दिया। प्रबंधन के इस निर्णय से ठेका मजदूरों और यूनियन पदाधिकारियों में खुशी का माहौल है।











